बस्ती: जिले के मुंडेरवा थाने में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर उपजिलाधिकारी हिमांशु कुमार ने की। इस दौरान राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने लोगों की शिकायतों की सुनवाई कर उनके त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

समाधान दिवस में कुल 23 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें 22 मामले राजस्व विभाग से जुड़े थे, जबकि एक शिकायत पुलिस विभाग से संबंधित थी। मौके पर एक मामले का समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों का गठन किया गया।

उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को समय पर न्याय मिल सके। कार्यक्रम के दौरान राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।