सरायकेला:सरायकेला-खरसावां जिला समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के तहत संचालित ग्रामीण पेयजलापूर्ति योजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, सहायक एवं कनीय अभियंता तथा संबंधित संवेदक उपस्थित रहे।उपायुक्त ने योजनावार समीक्षा करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली महत्वाकांक्षी योजना है, इसलिए कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन योजनाओं की प्रगति धीमी पाई गई, उनके संवेदकों से विलंब के कारण पूछे गए तथा शेष कार्य पूरा करने की समय-सीमा तय कराई गई। कार्यपालक अभियंता को सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति प्रतिवेदन जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।कपाली क्षेत्र की राज्य योजना अंतर्गत पेयजलापूर्ति योजना की धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए एक माह के भीतर कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय-सीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित संवेदक के विरुद्ध संविदा की शर्तों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।उपायुक्त ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।