दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 
जामताड़ा शहर के न्यू टाउन स्थित गांधी मैदान से गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई। जगन्नाथ रथ यात्रा कमेटी, न्यू टाउन के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।रथयात्रा में जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता एवं समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता विशेष रूप से शामिल हुए। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दोनों अतिथियों का कमेटी के बैच देकर स्वागत किया। यह रथयात्रा गांधी मैदान से प्रारंभ होकर टावर चौक, बीच बाजार, मां चंचला चौक, स्टेशन रोड होते हुए न्यू टाउन मोहल्ले का भ्रमण करते हुए पुनः निर्धारित स्थल पर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा के रथ को खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया। जय जगन्नाथ के गगनभेदी जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने रथयात्रा का स्वागत कर भगवान के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देने वाला महापर्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई भी दी। वहीं समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और सेवा की भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि लोगों की आस्था भगवान जगन्नाथ के प्रति अटूट है। रथयात्रा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।