दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 

जामताड़ा सदर अस्पताल में प्रसव करने आए एक प्रसूता एवं उसके नवजात शिशु की मौत के बाद गुरुवार को अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।घटना की सूचना मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण, जिला महामंत्री कमलेश मंडल, मीडिया प्रभारी आभा आर्य, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह सहित कई भाजपा नेता सदर अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने परिजनों के साथ सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया तथा कुछ देर के लिए सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मृतका की पहचान रीना देवी, उम्र 34 वर्ष, पति कन्हैया रवानी, निवासी सरकार बांध जामताड़ा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह करीब छह बजे रीना देवी को प्रसव के लिए सदर अस्पताल लाया गया था।आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टर और नर्स ने पहले बाहर से दवा एवं इंजेक्शन मंगवाया और बाद में मरीज की हालत गंभीर बताते हुए धनबाद रेफर करने की सलाह दी। परिजनों का कहना है कि समय पर समुचित इलाज नहीं मिलने के कारण रीना देवी और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। वही भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और राज्य की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती है। उन्होंने कहा कि यदि समय पर बेहतर इलाज मिलता तो शायद मां और बच्चे की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने दोषी चिकित्साकर्मियों पर तत्काल कार्रवाई, मृतक परिवार को उचित मुआवजा तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा जनआंदोलन करने को बाध्य होगी। जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं। वहीं मीडिया प्रभारी आभा आर्य ने कहा कि लगातार ऐसी घटनाएं सामने आना स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने में पूरी तरह विफल रही है और इसका खामियाजा गरीब जनता भुगत रही है। फिलहाल मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं परिजनों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मौके पर नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता, वार्ड पार्षद अशोक कुमार साव, सुनील बाउरी,आकाश साव,प्रकाश यादव,पवन मंडल,संजय रवानी सहित अन्य उपस्थित थे।