सरायकेला: नगर पंचायत सरायकेला बोर्ड की तीसरी बैठक गुरुवार को अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में नगर पंचायत कार्यालय सभागार में आयोजित हुई। बैठक में नगर विकास, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, यातायात और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में उपाध्यक्ष अविनाश कवि, कार्यपालक पदाधिकारी विपुल सनी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे।बरसात के मौसम को देखते हुए डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत नियमित फॉगिंग, लार्वा नाशक दवाओं का छिड़काव और जलजमाव वाले क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। साथ ही सभी वार्डों में स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने पर सहमति बनी।बैठक में वार्ड संख्या 3, 6 और 10 की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए राइजिंग पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति योजना का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने का निर्णय लिया गया। बढ़ते अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक कर कार्ययोजना तैयार की जाएगी।इसके अलावा वर्तमान बस स्टैंड के स्थानांतरण, सामुदायिक भवन निर्माण, बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने, नए पोल लगाने, जर्जर लाइनों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट सुधार, तीन तालाबों और चार पार्कों के संरक्षण व सौंदर्यीकरण तथा नगर पंचायत की आय बढ़ाने के उपायों पर भी सहमति बनी। अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना नगर पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।