बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़

कुकड़ू प्रखंड में भगवान श्रीजगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन देवी सुभद्रा की पावन रथ यात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के वातावरण में धूमधाम से निकाली गई। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में पूरा क्षेत्र ‘जय जगन्नाथ’ के उद्घोष, शंखध्वनि और हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भगवान के रथ को खींचकर सुख-समृद्धि, शांति एवं लोककल्याण की कामना की।

सुबह से ही कुकड़ू एवं आसपास के गांवों से श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। जैसे ही रथ आगे बढ़ा, श्रद्धालुओं ने पूरे जोश और भक्ति भाव से रस्सियां थाम लीं। पूरे मार्ग पर श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए उमड़ते रहे और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

रथ यात्रा में पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव, तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार, अंचल निरीक्षक कुणाल कुमार शर्मा, भाजपा नेता बिजय कुईरी, उपमुखिया प्रतिनिधि मनोज कुमार मछुआ सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने रथ खींचकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लिया। इस दौरान विभिन्न कीर्तन मंडलियों ने भजन-कीर्तन और संकीर्तन की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा कुकड़ू भक्तिरस में सराबोर हो गया। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी पूरे उत्साह के साथ इस धार्मिक महोत्सव में शामिल हुए।

रथ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तिरुलडीह थाना पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। रथ मार्ग पर जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती रही और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था की निगरानी करते रहे। प्रशासन, आयोजन समिति और स्थानीय लोगों के आपसी सहयोग से यह ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।