शिकारीपाड़ा/दुमका/रफ्तार मीडिया।ललित कुमार पाल।
दुमका उपायुक्त के निर्देश पर शिकारीपाड़ा प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. एजाज आलम ने स्थानीय मध्य विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस प्रशासनिक जांच के दौरान बीडीओ ने विद्यालय की तमाम व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने सबसे पहले शिक्षक उपस्थिति पंजी की जांच की, जिसमें राहत की बात यह रही कि विद्यालय के सभी शिक्षक अपने कर्तव्य पर उपस्थित पाए गए। इसके बाद उन्होंने क्लासरूम का रुख कर छात्र-छात्राओं की उपस्थिति देखी और बच्चों से बातचीत कर शिक्षा के स्तर को परखा।
निरीक्षण के दौरान स्कूल में विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी डॉक्टर देवानंद मिश्रा की देखरेख में मेडिकल टीम द्वारा विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को कृमि नियंत्रण की दवा (एल्बेंडाजोल) खिलाई गई। इस दौरान डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों को विस्तार से समझाया कि इस दवाई को किस प्रकार चबाकर खाना है, ताकि इसका पूरा लाभ मिल सके। साथ ही बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया।
इसके बाद बीडीओ मो. एजाज आलम ने सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की गुणवत्ता की जांच की। भोजन की शुद्धता और स्वाद को खुद परखने के लिए बीडीओ ने वहां मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ बैठकर स्कूली बच्चों की तरह ही मध्याह्न भोजन किया। उन्होंने रसोईघर की साफ-सफाई पर संतोष व्यक्त किया और विद्यालय प्रबंधन को आगे भी बच्चों को मीनू के अनुसार पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सीएचसी प्रभारी डॉक्टर देवानंद मिश्रा के साथ कई प्रखंड कर्मी और स्वास्थ्य कर्मी मुख्य रूप से मौजूद रहे।