दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा नगर पंचायत बोर्ड की बैठक शुक्रवार को अध्यक्ष आशा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत पिछली बैठक में लिए गए प्रस्तावों की समीक्षा से हुई। इसके बाद शहर के विकास, स्वच्छता, पेयजल, पर्यटन, नागरिक सुविधाओं और लंबित कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगी। अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए चरणबद्ध तरीके से सभी योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक माह के पहले सप्ताह के पहले कार्य दिवस पर नगर पंचायत के एक वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में 15 सफाई मित्र शामिल होंगे, जिनमें महिला और पुरुष की बराबर भागीदारी रहेगी। पूरे अभियान की निगरानी नगर पंचायत प्रशासन करेगा। साथ ही एक सप्ताह के भीतर स्ट्रीट लाइट एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की खरीदारी पूरी करने का भी निर्णय लिया गया। वही नगर पंचायत बोर्ड ने गांधी मैदान में विभिन्न आयोजनों के दौरान जुटने वाली भीड़ को देखते हुए सार्वजनिक शौचालय निर्माण की स्वीकृति दी। वहीं घोषबांध को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए नौकायन की व्यवस्था तथा सुंदरीकरण का प्रस्ताव भी पारित किया गया। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द ही वाटर एटीएम लगाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा शहर में साइबर म्यूजियम की स्थापना, होल्डिंग शुल्क निर्धारण तथा हाट-बाजार एवं अन्य स्थलों की बंदोबस्ती करने पर भी सहमति बनी। बैठक में दुलाडीह स्थित टाउन हॉल के सुंदरीकरण का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि नागरिकों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि बोर्ड की बैठक में लिए गए प्रस्तावों और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा अब प्रत्येक सप्ताह की जाएगी।नगर पंचायत की सेफ्टी गाड़ी एवं पानी टैंकर की मरम्मत कराने, नगर भवन में दस दिनों के भीतर जलापूर्ति सुनिश्चित करने, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और नगर भवन में सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी निर्णय लिया गया। साथ ही लंबित विकास कार्यों का भुगतान दो दिनों के भीतर करने पर सहमति बनी। शहर में बढ़ती मच्छरों की समस्या को देखते हुए नियमित फॉगिंग और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने का भी फैसला लिया गया। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत, उपाध्यक्ष ज्योत्सना देवी, वार्ड पार्षद विजय कुमार रजक, मधुसूदन चंद्र, हरनाथ गौण, आलोक किस्कू, शिखा रानी मंडल, कल्पना कुमारी, दीनबंधु सिंह, सुनिका देवी, संगीता दास, बच्चू साह, किरण देवी, जयंती दत्त, पूनम देवी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। इस दौरान समाजसेवी तरुण गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत के सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया गया है और चरणबद्ध तरीके से सभी योजनाओं को पूरा कर जामताड़ा नगर पंचायत को एक आदर्श नगर के रूप में विकसित किया जाएगा।