कासगंज, 20 मई 2026: जनपद कासगंज की नवनिर्मित पुलिस लाइन का प्रथम स्थापना दिवस मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः क्वार्टर गार्ड पर विधि-विधान से शस्त्र पूजन के साथ हुई। इसके बाद पुलिस लाइन के ऑडिटोरियम में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कासगंज ओपी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पुलिसकर्मियों एवं उनके बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, मनमोहक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारीजनों को प्रथम स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, _"पुलिस लाइन हम सभी पुलिसकर्मियों का घर है। यहां से हमें अनुशासन, एकता और सेवा की प्रेरणा मिलती है। सभी पुलिसकर्मी पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करें और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करें।"_ उन्होंने पुलिस परिवारों के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में मैस बैरिक नंबर-5 में "बड़े खाने" का आयोजन हुआ, जिसमें सभी अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजनों ने हिस्सा लिया।

इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन मौजूद रहे।


रिपोर्ट जितेंद्र सिंह कासगंज