दिनेश कुमार रजक/मिहिजाम:झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा पर स्थित मिहिजाम और रूपनारायणपुर के बीच संचालित अस्थाई टोल टैक्स नाका पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद पूरी तरह बंद हो गया है। मंगलवार सुबह से ही झारखंड से आने वाले सभी प्रकार के भारी और चार पहिया वाहन बिना किसी रोक-टोक और टोल दिए पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह टोल नाका सोमवार से ही अचानक बंद हो गया। जहाँ पहले वाहनों की लंबी कतारें और वसूली की गहमागहमी रहती थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। बंद पड़े अस्थाई टोल टैक्स कार्यालय पर भाजपा का झंडा लहरा रहा है, और कार्यालय जर्जर और वीरान दिखाई दे रहा है। इलाके के ग्रामीणों और वाहन चालकों का मानना है कि बंगाल में भाजपा की जीत के बाद राजनीतिक समीकरण बदलते ही इस टोल को बंद कर दिया गया है। पहले इस नाके पर चारपहिया और बड़े व्यावसायिक वाहनों से अनिवार्य रूप से वसूली की जाती थी, जिससे चालक अक्सर परेशान रहते थे। फिलहाल, इस टोल के बंद होने से वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है, हालांकि इसके आधिकारिक रूप से बंद होने को लेकर विभाग की ओर से कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है।