राजु मंडल /रफ्तार मीडिया सवाददाता /गांडेय।

​ गांडेय थाना क्षेत्र के मरगोडीह में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस खूनी संघर्ष के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मरगोडीह निवासी चतुर मंडल एवं अन्य और असनबोनी निवासी रामेश्वर मंडल एवं अन्य के बीच एक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।
​पहला पक्ष चतुर मंडल उनका दावा है कि विवादित जमीन उनकी पुश्तैनी खतियानी जमीन है।
​दूसरा पक्ष रामेश्वर मंडल उनका तर्क है कि यह जमीन उनके पूर्वजों द्वारा खरीदी गई है।
​बता दें कि इस जमीन विवाद को लेकर स्थानीय स्तर पर कई बार पंचायतें हो चुकी हैं। वर्तमान में यह मामला अंचल कार्यालय और न्यायालय में विचाराधीन बताया जा रहा है। इसके बावजूद, आज यह विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया।
​झड़प की सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी गांडेय पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह रेफर कर दिया है। घायलों में आजाद मंडल, रामेश्वर मंडल, मगर मंडल और डोमन मंडल समेत अन्य शामिल हैं।
​घटना की सूचना मिलते ही गांडेय थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।