दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/चित्तरंजन
चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना कर्मचारी संघ भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध की 54वीं वार्षिक आम बैठक 21 जून रविवार को दिवंगत रामेश्वर चौधरी मंच एस.पी. नॉर्थ कम्युनिटी हॉल के पास, एरिया-2, चित्तरंजन में अत्यंत गरिमामय और समारोह पूर्वक माहौल में संपन्न हुई। इस भव्य आयोजन में कर्मचारी हितों और आगामी कार्य योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय रेलवे मजदूर संघ के अध्यक्ष पवन कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में रेल कर्मचारियों के अधिकारों, उनकी कार्यकुशलता और संगठन की मजबूती पर विशेष बल दिया। इसके साथ ही, विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय मजदूर संघ पश्चिम बंगाल के वित्तीय सचिव राजा सत्यजीत बनर्जी ने शिरकत की और संघ के वित्तीय व संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने के संबंध में अपने बहुमूल्य विचार साझा किए। समारोह की शुरुआत भव्य स्वागत और पारंपरिक तौर-तरीकों से हुई। बैठक के दौरान वक्ताओं ने चित्तरंजन रेल इंजन कारखाने के विकास और कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रेल कर्मी और संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरी ऊर्जा और अनुशासन के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। दोपहर में सामूहिक आहार का भी आयोजन किया गया। मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन के साथ इस गरिमापूर्ण 54वें अधिवेशन का समापन हुआ।