रिपोर्ट :-अशोक पोद्दार/चाईबासा

 

मझगांव विधानसभा अंतर्गत मझगांव थाना क्षेत्र के पाण्डुकी गांव में आदिवासी समाज के पवित्र पूजा स्थल देसाउली की मर्यादा भंग करने एवं ग्रामीणों पर हुए हमले के बाद प्रतिपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने घायलों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। साथ ही अस्पताल प्रबंधन से मिलकर सभी घायलों को बेहतर चिकित्सीय सुविधा, समुचित उपचार एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

घायलों से मुलाकात के उपरांत श्री मरांडी ने दूरभाष के माध्यम से पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त की तथा दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पाण्डुकी गांव स्थित आदिवासी समाज के पवित्र पूजा स्थल देसाउली में कुछ दूसरे समुदाय के युवक नशापान कर रहे थे तथा पूजा स्थल को अपवित्र कर रहे थे। ग्रामीणों द्वारा इसका विरोध किए जाने पर बाद में लगभग 30 से 40 लोगों ने संगठित होकर ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस घटना में दर्जनों ग्रामीण घायल हुए, जिनमें प्रदीप बिरुआ, प्रदीप कुमार हेम्ब्रम, प्रदीप कुमार हेम्ब्रम गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि राजकुमार बिरुआ, बामिया बिरुआ, घनश्याम बिरुआ, रघुनाथ गोप, तुषार हेम्ब्रम एवं दिलीप बिरुआ सहित कई अन्य ग्रामीण भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले मझगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर किया गया।

श्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आदिवासी समाज की आस्था, संस्कृति एवं धार्मिक स्थलों का सम्मान हर हाल में सुरक्षित रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो भारतीय जनता पार्टी जनभावनाओं के साथ सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज पर किसी भी प्रकार का अत्याचार या शोषण भाजपा किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष  गीता कोड़ा, मझगांव के पूर्व विधायक  बड़कुवर गागराई, प्रदेश मंत्री  जे.बी. तुबिद तथा भाजपा जिला महामंत्री  भूषण पाट पिंगुवा प्रमुख रूप से शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए राज्य सरकार से सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, कठोर कानूनी कार्रवाई तथा आदिवासी समाज के पूजा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।