भगवंत मान सरकार संकट की इस घड़ी में अपने लोगों के साथ - डॉ. रवजोत
चंडीगढ़/कलानौर/गुरदासपुर: भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनावपूर्ण माहौल के मद्देनजर सरहदी लोगों की सुरक्षा और इमरजेंसी के दौरान किए जाने वाले प्रबंधों तथा अन्य सुविधाओं की तैयारियों का जायजा लेने के लिए राज्य के खाद्य एवं सिविल सप्लाई मंत्री लाल चंद कटारूचक्क और स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह द्वारा आज सरकारी अस्पताल कलानौर और फायर ब्रिगेड कार्यालय गुरदासपुर का दौरा किया गया। इसके उपरांत उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला अधिकारियों के साथ बैठक की।
इस मौके पर उनके साथ आम आदमी के प्रदेश कार्यकारी प्रमुख विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी विधायक सरदार गुरदीप सिंह रंधावा चेयरमैन रमन बहल जिला शहरी प्रमुख शमशेर सिंह डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह एस.एस.पी. बटाला सोहेल कासिम मीर एस.एस.पी. गुरदासपुर आदित्य अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर डॉ. हरजिंदर सिंह बेदी एस.डी.एम. दीना नगर जसपिंदर सिंह के अलावा सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।
सबसे पहले कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क और कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह द्वारा सरकारी अस्पताल कलानौर का दौरा करके वहां इमरजेंसी स्थितियों के मद्देनजर किए गए प्रबंधों का जायजा लिया। इस मौके पर एस.एम.ओ. कलानौर ने बताया कि सी.एच.सी. कलानौर में 38 बेडों की सुविधा उपलब्ध है और इमरजेंसी की सारी सुविधाएं उपलब्ध है। इसके अलावा डेरा बाबा नानक अस्पताल में भी 50 बेडोें की सुविधा तथा इमरजेंसी सुविधाएं मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि ब्लड बैंकों में आवश्यक मात्रा में खून की उपलब्धता मौजूद है। इसके बाद दोनों मंत्री जी द्वारा फायर ब्रिगेड कार्यालय गुरदासपुर का दौरा करके वहां आपातकालीन मौके से निपटने के लिए की गई तैयारियों का भी जायजा लिया गया।
इसके बाद जिला प्रबंधन परिसर में कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क और कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह द्वारा जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक इमरजेंसी परिस्थितियों से निपटने के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया गया। डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा भारत सरकार और पंजाब सरकार द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए लोगों की सुरक्षा के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। जिले में रात के समय ब्लैक-आउट जारी है और लोगों को किसी भी आपातकालीन स्थिति से बचने के लिए मॉक ड्रिल करवाई जा रही है। इस मौके पर उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा की गई अन्य तैयारियों के बारे में विस्तार से बताया।
इस मौके कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान की अगुवाई में पंजाब सरकार अपने लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान ने अपने कैबिनेट के साथियों को विभिन्न सरहदी जिलों में ड्यूटी लगाई है और इन निर्देशों के तहत ही वे कलानौर और गुरदासपुर के लोगों के पास पहुंचे हैं।
कटारूचक्क ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में पूरा देश एकजुट है और हमें हमारी भारतीय सेना और अपने वीर जवानों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासी भारतीय सेना के साथ हैं। उन्होंने कहा कि जिला गुरदासपुर के बहादुर लोग हमेशा ही जवानों की हिम्मत और हौसले के लिए देश की सेना के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि इस युद्ध की स्थिति में सरहदी क्षेत्र के वासियों के जज़्बे को सलाम है जो भारतीय सेना का साथ देने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अपनी नापाक हरकतों से बाज आना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान अभी भी बाज नहीं आया तो भारत की ओर से इसका मुँह तोड़ जवाब दिया जाएगा।
स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति का सामना करने के लिए पंजाब सरकार की पूरी तैयारियां हैं और सारी सरकारी मशीनरी को अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान सारी स्थिति पर खुद नजर रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह तैयार हैं और इसके साथ ही फायर ब्रिगेड समेत सभी इमरजेंसी सेवाएं भी पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है सरकार इस कठिन घड़ी में अपने लोगों के साथ खड़ी है।

Raftaar Media | सच के साथ