सौरभ राय/रफ्तार मीडिया
रांची:राजधानी रांची में दुर्गा पूजा का आयोजन भव्य रूप से किया जाता है इस वर्ष भी शहर में पूजा समितियों के द्वारा तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। इसी क्रम में शहर के प्रतिष्ठित पूजा समितियों में से एक अल्बर्ट एक्का चौक स्थित चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के द्वारा बुधवार को विधि विधान के साथ भूमि पूजन एवं खूंटी पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पूजा अर्चना कर इस वर्ष के पूजा पंडाल निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस वर्ष का पूजा पंडाल है अनोखा भक्तों के बीच आकर्षण का केंद्र बनेगा- रमेश सिंह
चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति हर वर्ष अपनी आकर्षक थीम और भव्य पंडाल के लिए जानी जाती है। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के दुर्गा पूजा महोत्सव में पूजा पंडाल का निर्माण गुजरात के प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर की तर्ज पर किया जाएगा। मंदिर की स्थापत्य कला और वास्तुशिल्प को हूबहू पंडाल में उतारने का प्रयास किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत अनुभव प्राप्त हो सके।
पूजा पंडाल में मां दुर्गा के भक्तों के लिए व्यापक व्यवस्था की जाएगी
रमेश सिंह ने बताया पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। पंडाल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, साफ सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। समिति प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगी, ताकि हजारों श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के मां दुर्गा के दर्शन कर सकें।समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पूजा महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ साथ सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। पूरे आयोजन को पर्यावरण के अनुकूल एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।