दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।
जमशेदपुर में आयोजित चेंबर ऑफ कॉमर्स की राज्यस्तरीय बैठक में संथाल परगना एवं जामताड़ा चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने क्षेत्र के व्यापारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने संथाल परगना प्रमंडल और जामताड़ा जिले के व्यापारियों के समक्ष आने वाली समस्याओं को विस्तार से रखते हुए उनके त्वरित समाधान की मांग की। बैठक के दौरान संजय अग्रवाल ने कहा कि संथाल परगना क्षेत्र के व्यापारी लंबे समय से कई तरह की व्यावसायिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। व्यापारियों की सुरक्षा, व्यवसाय संचालन में आने वाली परेशानियां तथा प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक सहयोग जैसे विषयों पर गंभीरता से विचार किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने हाल के दिनों में जामताड़ा तथा गोड्डा में आभूषण दुकानों में हुई घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल बनता है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाना चाहिए तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। बैठक में उपस्थित राज्यस्तरीय पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने व्यापारियों की समस्याओं पर सकारात्मक चर्चा की और आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया। संजय अग्रवाल ने उम्मीद जताई कि राज्यस्तर पर उठाए गए इन मुद्दों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई होगी, जिससे संथाल परगना सहित जामताड़ा के व्यापारियों को राहत मिलेगी और व्यापारिक वातावरण अधिक सुरक्षित एवं अनुकूल बन सकेगा।