सिवनी: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सोशल मीडिया (Social Media) पर एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का वीडियो (Viral Video) सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 11 आरोपियों की पहचान कर ली है। इनमें से 8 आरोपियों को हिरासत (Custody) में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक (SP) कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि पीड़ित की पहचान कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले सोहेल खान के रूप में हुई है। युवक की शिकायत के आधार पर अपहरण (Kidnapping), मारपीट (Assault), जान से मारने की धमकी (Death Threat) सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो जून महीने की शुरुआत का है, जिसकी तकनीकी जांच (Technical Investigation) भी कराई जा रही है।

खेत में ले जाकर की गई बेरहमी

प्रारंभिक जांच के मुताबिक आरोपियों ने युवक को खेत में ले जाकर निर्वस्त्र (Nude) कर दिया और बेरहमी से उसकी पिटाई की। इतना ही नहीं, उसके शरीर पर बने घावों पर नमक और लाल मिर्च (Salt and Chilli) डालकर उसे प्रताड़ित किया गया। वायरल वीडियो में आरोपियों को युवक पर पानी डालते हुए भी देखा जा सकता है।

वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान (Suo Motu) लेते हुए जांच शुरू की। इसके बाद पीड़ित की शिकायत दर्ज कर आरोपियों की पहचान की गई और कई लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।