दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा नगर पंचायत कार्यालय में मंगलवार को पहली बार नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता के नेतृत्व में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य नगर क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। पहले ही दिन जनता दरबार में कुल सात आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें नाली निर्माण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित मामलों सहित अन्य जनसमस्याएं शामिल रहीं। जनता दरबार के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि आम नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं है। नगर पंचायत कार्यालय में नियमित रूप से आयोजित होने वाले जनता दरबार के माध्यम से लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जनता दरबार में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की। वहीं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंण्डेत ने बताया कि प्राप्त सभी आवेदनों का अवलोकन कर संबंधित शाखाओं को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान नगर पंचायत स्तर पर संभव होगा, उनका जल्द से जल्द निष्पादन किया जाएगा। यदि कोई मामला नगर पंचायत के अधिकार क्षेत्र से बाहर होगा, तभी उसे उच्च स्तर पर भेजा जाएगा।नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि जनता दरबार की इस व्यवस्था से लोगों को त्वरित राहत मिलेगी और उनकी समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। मौके पर वार्ड पार्षद नगर पंचायत के कर्मी उपस्थित थे।