बिरनी/गिरिडीह | रफ्तार मीडिया | श्याम मोदी
गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत लेवर दलांगी गांव में 16 जून 2025 को हुई कथित जानलेवा हमले की घटना में पीड़ित परिवार आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के एक वर्ष बीत जाने के बावजूद न तो आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हुई और न ही उन्हें न्याय मिल सका।
पीड़ित परिवार के अनुसार, रवि यादव पर कुछ लोगों ने कथित रूप से जानलेवा हमला किया था। आरोप है कि जब उनकी पत्नी उन्हें बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचीं, तब उनके साथ भी मारपीट, छिनतई और गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया। इसके बावजूद एफआईआर दर्ज होने के बाद भी पुलिस की कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित रही।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने स्थानीय थाना ही नहीं, बल्कि केंद्र सरकार के सीपीजीआरएएमएस (CPGRAMS) और राज्य सरकार के संबंधित शिकायत पोर्टलों पर भी शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अब तक न तो आरोपियों पर ठोस कार्रवाई हुई और न ही उन्हें न्याय मिला।
पीड़ितों का कहना है कि यदि जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए बनाए गए सरकारी शिकायत पोर्टलों पर दर्ज मामलों का भी प्रभावी समाधान नहीं हो रहा है, तो आम नागरिक आखिर न्याय की उम्मीद किससे करे? उनका आरोप है कि संबंधित अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेने के बजाय उनकी अनदेखी कर रहे हैं।
इस संबंध में जब रफ्तार मीडिया ने बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज से उनका पक्ष जानने के लिए मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, तो उन्होंने फोन रिसीव करना उचित नहीं समझा । ऐसे में पुलिस का पक्ष प्राप्त नहीं हो पाया।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या यह मामला भी समय के साथ ठंडे बस्ते में चला जाएगा, या फिर पुलिस निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करेगी? पीड़ित परिवार को अब भी न्याय मिलने का इंतजार है।