रिपोर्टर रोहित कुमार/बिजनौर
बिजनौर में भारतीय किसान यूनियन ने गन्ना समिति परिसर में प्रेस वार्ता कर किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन और सरकार के सामने 12 सूत्रीय मांगपत्र रखा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 21 जुलाई से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता में कहा कि जिले का किसान लंबे समय से गन्ना भुगतान, बिजली, खाद, भूमि अधिग्रहण, जंगली जानवरों के आतंक और स्मार्ट मीटर जैसे कई मुद्दों से परेशान है। संगठन ने बिलाई शुगर मिल का बकाया गन्ना भुगतान तत्काल कराने, किसानों की सहमति के बिना बिजली कनेक्शन का भार बढ़ाने पर रोक लगाने और हाईवे व एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा बाजार भाव के अनुसार देने की मांग की।
भाकियू ने गंगा एक्सप्रेस-वे और शामली-गोरखपुर एक्सप्रेस-वे को शुक्रताल से जोड़ने के लिए पक्का पुल बनाने, जंगली जानवरों से किसानों और फसलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम करने तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्थायी पिंजरा रखने की मांग भी उठाई। इसके अलावा गंगा किनारे तटबंध निर्माण, फैक्ट्रियों द्वारा छोईया नदी में छोड़े जा रहे प्रदूषित पानी पर रोक, यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता, पूरे गन्ने की खरीद अर्ली वैरायटी के रेट पर करने, जबरन स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक और किसान नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की भी मांग की गई।
बाइट:-सुनील प्रधान भाकियू टिकैत जिला अध्यक्ष