दीपचंद्र दीक्षित /नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। नगर पंचायत नवाबगंज के रायपुर गांव में शनिवार रात आए तेज तूफान ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बन रहे निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से 65 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रायपुर निवासी संतराम वर्मा (65 वर्ष) पुत्र नन्हें लाल शनिवार रात करीब 9 बजे अपने घर में चारपाई पर बैठे हुए थे। पास में उनकी पत्नी विमला देवी दूसरी चारपाई पर लेटी थीं। इसी दौरान तेज आंधी और तूफान के चलते पास में बन रही नई कॉलोनी की एक निर्माणाधीन दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और संतराम वर्मा उसके नीचे दब गए।
हादसे में संतराम गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी बाल-बाल बच गईं। विमला देवी के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और ईंटों के मलबे में दबे संतराम को बाहर निकाला। इसके बाद उनके भतीजे आलोक कुमार ने 108 एम्बुलेंस को सूचना दी।
घायल संतराम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया। वहां से भी हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज भेज दिया। परिजनों के मुताबिक, सैफई ले जाते समय रास्ते में ही संतराम वर्मा ने दम तोड़ दिया।
मृतक संतराम वर्मा सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी विमला देवी, दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। तीनों पुत्रियों का विवाह हो चुका है। बड़े पुत्र दिनेश विवाहित हैं, जबकि छोटे पुत्र अनमोल की अभी शादी नहीं हुई है। परिवार के पास लगभग डेढ़ बीघा कृषि भूमि है।
घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सभासद शिवमंगल सिंह गौर ने मामले की जानकारी तहसीलदार एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को दे दी है।