मुंबई: अजय देवगन की आगामी फिल्म ‘चौहान’ का टीजर रिलीज होते ही विवादों में घिर गया है। 25 जून को जारी टीजर में अजय देवगन की आवाज में बोले गए डायलॉग “पठानों से कह दो, चौहान आ गया है” पर कई संगठनों और सोशल मीडिया यूजर्स ने आपत्ति जताई है।

क्षत्रिय परिषद ने बयान जारी कर कहा कि राजपूत इतिहास और विरासत का इस्तेमाल किसी भी तरह की जातीय या सांप्रदायिक राजनीति के लिए नहीं किया जाना चाहिए। संगठन का कहना है कि ‘चौहान’ जैसे ऐतिहासिक कुलनाम को विवाद या धार्मिक ध्रुवीकरण से जोड़ना उचित नहीं है।

परिषद ने यह भी कहा कि भारतीय इतिहास को केवल सांप्रदायिक नजरिए से नहीं देखा जा सकता। अपने बयान में संगठन ने महाराणा प्रताप और हकीम खान सूर, महाराणा सांगा और महमूद लोदी जैसे ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए कहा कि मध्यकालीन दौर में राजनीतिक और सैन्य गठबंधन धर्म नहीं, बल्कि परिस्थितियों और रणनीति के आधार पर बनते थे।

फिल्म के टीजर को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे दमदार बताया, जबकि कई यूजर्स ने इसे सांप्रदायिक विभाजन बढ़ाने वाला बताया। अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने भी कश्मीर में पैलेट गन पीड़ितों का मुद्दा उठाते हुए टीजर के एक दृश्य पर सवाल खड़े किए और कहा कि पैलेट गन से होने वाले नुकसान को हल्के में नहीं दिखाया जाना चाहिए।

फिलहाल फिल्म के निर्माताओं या अजय देवगन की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।