सरायकेला : झारखंड पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त सुरक्षा बलों ने सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में कुल 22 लाख रुपये के इनामी तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से एक AK-47 राइफल, एक पिस्टल समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान 15 लाख रुपये के इनामी मदन महतो, 5 लाख रुपये के इनामी रवि सरदार तथा 2 लाख रुपये की इनामी मीणा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मीणा, रवि सरदार की पत्नी है और लंबे समय से नक्सली संगठन की सक्रिय सदस्य रही है।यह अभियान पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तीनों नक्सली जिले के एक इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर व्यापक तलाशी अभियान चलाया, जिसमें तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार नक्सली लंबे समय से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय थे और कई आपराधिक मामलों में वांछित थे। पुलिस अब उनसे संगठन के नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति, सहयोगियों और अन्य गतिविधियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से सरायकेला-खरसावां समेत आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।