लोकेशन= बस्ती। धर्मेन्द्र द्विवेदी 
बस्ती जिले में स्थित अटल आवासीय विद्यालय बसेवा राय के प्रधानाचार्य सुशील त्यागी को पद से हटाए जाने के विरोध में शुक्रवार को छात्रों ने विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया। नाराज छात्र परिसर में एकत्र होकर नारेबाजी करने लगे। इस दौरान छात्रों को समझाने पहुंचे एक शिक्षक से उनकी कहासुनी हो गई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। घटना में शिक्षक के सिर पर चोट आने की भी सूचना है।
सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी उमाकांत तिवारी, क्षेत्राधिकारी स्वर्णिमा सिंह, श्रम विभाग के अधिकारी तथा पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।घंटों मशक्कत के बाद दोपहर क़रीब एक बजे निष्पक्ष जांच का आश्वासन मिलने के बाद छात्र शांत हुए। प्रधानाचार्य सुशील त्यागी को कार्य में लापरवाही एवं अनुशासनहीनता के आरोपों की जांच के बाद पद से हटा दिया गया है।
इस बारे में पूछे जाने पर उप जिलाधिकारी हर्रैया उमाकांत तिवारी ने बताया कि बताया गया कि विद्यालय के कुछ छात्रों का प्रधानाचार्य से विशेष लगाव था। उनके हटाए जाने की सूचना के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। फिलहाल विद्यालय में स्थिति सामान्य है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। कुछ छात्रों ने विद्यालय स्टाफ द्वारा उनके साथ मारपीट व भोजन सही न देने का आरोप लगाया है।जांच करा कर दोषियों पर कार्यवाही की जाएगी।
----
प्रधानाध्यापक सुशील त्यागी ने बताया कि उन्हें नियम के विरुद्ध कार्य करने को कहा गया था, जिसका विरोध करने पर उन्हें ही पद से हटा दिया गया है।उन्होंने उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है।