कटाव रोकने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने का निर्देश, अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने को कहा
चिरैया (मोतिहारी)। संभावित बाढ़ एवं नदी कटाव की स्थिति को देखते हुए पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी सिकरहना के साथ चिरैया प्रखंड में बूढ़ी गंडक नदी के कटाव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों का जायजा लेकर स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि नदी कटाव से बचाव के लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य युद्धस्तर पर कराए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटाव प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधनों एवं बचाव सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का आकलन कर स्थानीय लोगों से भी जानकारी ली तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दीया