दीपचंद्र दीक्षित ब्यूरो
फर्रुखाबाद। जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खेतों से अचानक सड़क पर आए नीलगाय के कारण यात्रियों से भरा टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टेम्पो चालक सहित कई अन्य सवारियां घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव सुभान खान निवासी सचिन कुमार अपने टेम्पो से गांव तकीपुर नगला दाड़ी निवासी मीरा देवी पत्नी जितेंद्र, उनकी लगभग 8 वर्षीय पुत्री अनाया, 3 वर्षीय पुत्र अभि, खुशबू पत्नी शीलू अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र अर्जुन, रिया पुत्री मुकुल सिंह तथा सुंदरी और गुंजन पुत्री नंदलाल को लेकर कम्पिल स्थित गीता ज्ञान आश्रम में दर्शन के लिए जा रहे थे।
जैसे ही टेम्पो थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव करनपुर और बांसमई के बीच पहुंचा, तभी खेतों से अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। इससे टेम्पो की जोरदार टक्कर हो गई और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तत्काल सहायता के लिए दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद टेम्पो को सीधा किया और घटना की सूचना 108 एंबुलेंस सेवा को दी। वहीं कुछ घायलों को निजी वाहनों से नवाबगंज नगर स्थित आर्य क्लिनिक पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
हादसे में मीरा देवी, उनका पुत्र अभि, खुशबू, उसका डेढ़ वर्षीय पुत्र अर्जुन, रिया तथा टेम्पो चालक सचिन कुमार घायल हो गए। इनमें डेढ़ वर्षीय अर्जुन की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उसे फर्रुखाबाद रेफर करने की सलाह दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि करनपुर-बांसमई मार्ग पर अक्सर नीलगाय और अन्य जंगली पशु अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर वन्यजीवों की आवाजाही रोकने और सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।