रफ्तार मीडिया संवाददाता/चित्तरंजन
 

सलानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर फांड़ी पुलिस ने अवैध बालू के काले कारोबार के खिलाफ देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गश्त के दौरान पुलिस ने 100 सीएफटी अवैध बालू ले जा रहे एक ट्रैक्टर को जब्त करते हुए चालक उमेश सोरेन निवासी कालिसांको को धर दबोचा। आरोपी परिवहन से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद हुई कड़ाई से पूछताछ में एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। आरोपी ने बताया कि चयनपुर फुटबॉल मैदान में बड़े पैमाने पर अवैध बालू का भंडारण किया गया है, जहां से अंधेरे का फायदा उठाकर विभिन्न इलाकों में इसकी सप्लाई की जा रही थी। पुलिस ने आरोपी को आसनसोल न्यायालय में पेश कर रिमांड पर ले लिया है और अब इस नेटवर्क के मुख्य सरगना, खरीदारों और मददगारों तक पहुंचने की रणनीति बना रही है। साथ ही मैदान में डंप बालू को भी जब्त करने की प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध खनन और तस्करी को लेकर जनाक्रोश गहरा गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आम जनता को जायज निर्माण कार्यों के लिए वैध बालू नहीं मिल पा रही है, जबकि भू-माफिया बेखौफ होकर रातों-रात बालू का अवैध कारोबार चमका रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस सिंडिकेट पर पूरी तरह नकेल कसने और आम नागरिकों के लिए पारदर्शी व आसान तरीके से बालू की उपलब्धता सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की है।