जमशेदपुर  के जुगसलाई स्थित यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान में हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार बरामद की है।

जानकारी के अनुसार 15 मई को जुगसलाई थाना क्षेत्र के नगर परिषद बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर अपराधियों ने रंगदारी और वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से फायरिंग की थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मामले में जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, CCTV फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अपराधियों की पहचान मनीष सिंह गिरोह से जुड़े बदमाशों के रूप में की।

पुलिस ने अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलु, बानेश्वर नामता उर्फ मानस और अंकित खटिक उर्फ अंकित सोनकर को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से चार देशी पिस्टल, पांच जिंदा गोलियां, तीन खाली मैगजीन, एक खोखा, छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन और फायरिंग में इस्तेमाल की गई मैरून रंग की वैगनआर कार बरामद की गई है।

मामले को लेकर ललित मणि ने बताया कि पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।