रफ्तार मीडिया/गिरिडीह: धनबाद से आई सीबीआई की टीम ने गिरिडीह के बरमसिया रोड स्थित सेंट्रल जीएसटी कार्यालय में छापेमारी कर रिश्वत लेने के मामले में सीजीएसटी कार्यालय के दो वरीय अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है। सीबीआई की यह कार्रवाई बिरनी प्रखंड के खाखीपीपर निवासी राजू अंसारी की शिकायत पर की गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार वर्ष 2023 में उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट अनीश कुमार सेठ और गिरिडीह सीजीएसटी कार्यालय में पदस्थापित सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी और इंस्पेक्टर बिरजू कुमार ने आपसी मिलीभगत कर उन्हें 95 लाख रुपये का जीएसटी टैक्स जमा करने का नोटिस भिजवाया था। राजू अंसारी ने बताया कि नोटिस मिलने के बाद अधिकारियों और सीए द्वारा मामले को सेटलमेंट के जरिए निपटाने की बात कही गई और इसके एवज मे रिश्वत की मांग की गई। मामले से परेशान होकर राजू अंसारी सीधे धनबाद स्थित सीबीआई कार्यालय पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी सीबीआई के एसपी भंवर लाल मीणा को दी। इसके बाद सीबीआई ने जांच-पड़ताल के बाद आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार करने की योजना बनाई। बुधवार को जब शिकायतकर्ता ने जीएसटी अधिकारियों को नगद पचास हज़ार रुपए दिए तो सीबीआई ने रंगे हाथ धर दबोचा। घूस की रकम के साथ जीएसटी सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी और इंस्पेक्टर बिरजू कुमार को गिरफ्तार कर सीबीआई देर रात अपने साथ धनबाद ले गई। जानकारी के अनुसार सीबीआई छापामारी दल में शामिल अधिकारी अलग अलग वाहनों से बुधवार को गिरिडीह स्थित सेंट्रल जीएसटी कार्यालय में दिन के 11:00 बजे पहुंचे और कार्यवाई शुरू की जो रात 2:00 बजे तक चली। इस दौरान अधिकारियों ने कई लोगों से भी पूछताछ भी की है। पूरे मामले में चार्टर्ड अकाउंटेंट अनीश कुमार सेठ की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। सूत्रों की मानें तो सीए अनीश सेठ को राडार में लेकर भी सीबीआई पूछताछ कर सकती है।