ओम प्रकाश तिवारी
मोतिहारी। जिले में संभावित बाढ़ को देखते हुए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने शनिवार को ढाका प्रखंड के बलुआ गुआवारी स्थित लालबकेया दायां भाग तटबंध का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाढ़ सुरक्षा से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की और तटबंध की निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
जल निस्सरण प्रमंडल, मोतिहारी के कार्यपालक अभियंता इं. इफ्तेखार इमाम ने बताया कि स्थानीय स्तर पर बालू, बालू से भरे बोरे एवं अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक सामग्रियों का पर्याप्त भंडारण किया गया है। साथ ही तटबंध श्रमिकों एवं अभियंताओं द्वारा प्रतिदिन नियमित गश्ती की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वर्तमान स्थिति को देखते हुए गश्ती बढ़ाने तथा रात्रि गश्ती भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूरी बाढ़ अवधि के दौरान पर्याप्त मात्रा में बाढ़ सुरक्षा सामग्री का भंडारण बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि लालबकेया दायां भाग तटबंध भारत-नेपाल सीमा से पताही प्रखंड के खोड़ीपाकड़ गांव तक लगभग 20 किलोमीटर लंबाई में फैला है। वर्तमान में तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है तथा संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक प्रबंध कर लिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता राज कृष्ण झा, सिकरहना के अनुमंडल पदाधिकारी, संबंधित अंचल अधिकारी, बाढ़ प्रमंडल के अभियंता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।