बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), सरायकेला-खरसावां की ओर से नीमडीह प्रखंड अंतर्गत लुपुंगडीह पंचायत के तनकोचा गांव में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों तथा उनके कानूनी और सामाजिक पहलुओं के प्रति जागरूक करना था।

शिविर को संबोधित करते हुए डीएलएसए के पारा विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) शुभंकर महतो ने तंबाकू एवं उससे निर्मित उत्पादों के सेवन से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी सहित कई जानलेवा रोगों का प्रमुख कारण है। उन्होंने तंबाकू नियंत्रण से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध संबंधी नियमों की भी विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान ग्रामीणों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की विभिन्न योजनाओं एवं सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही लोगों के बीच कानूनी जागरूकता पुस्तिकाओं एवं सूचना पर्चियों का वितरण किया गया।

ग्रामीणों ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को समाजहित में उपयोगी बताते हुए नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में पीएलवी स्नेहलता महतो, सुकरंजन कुमार, साधन महतो, अंबुज गोप, सूरज मुर्मू, सुकुरमनी सोरेन, ठाकूदास माझी, गयाराम माझी, सोनाराम माझी, बाघार माझी, लखीराम माझी, दुर्गा माझी, सुबोध चंद्र सिंह, अशोक सिंह सरदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।