बिरनी/गिरिडीह | रफ्तार मीडिया | श्याम मोदी


बिरनी प्रखंड अंतर्गत बलिया पंचायत के करुटाड़ गांव के दर्जनों राशन कार्डधारियों को पिछले चार महीनों से राशन नहीं मिलने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही झामुमो नेता नारायण पाण्डेय ने सोमवार को प्रभावित ग्रामीणों के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) से मुलाकात की और पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने गरीब परिवारों को लंबे समय से राशन नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए अविलंब राशन वितरण सुनिश्चित करने की मांग की।
ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलर को तत्काल राशन वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच कर सभी पात्र लाभुकों को शीघ्र ही लंबित राशन उपलब्ध कराया जाएगा।
झामुमो नेता नारायण पाण्डेय ने कहा कि "सार्वजनिक वितरण प्रणाली गरीब और जरूरतमंद परिवारों की जीवनरेखा है। चार-चार महीने तक राशन नहीं मिलना बेहद गंभीर मामला है। किसी भी पात्र लाभुक को उसके अधिकार से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। यदि भविष्य में भी ऐसी लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और डीलरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। झामुमो हमेशा गरीब, मजदूर और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहेगा।"
वहीं करुटाड़ गांव के ग्रामीणों ने बताया कि "चार महीनों से लगातार राशन नहीं मिलने के कारण कई परिवारों को आर्थिक और खाद्य संकट का सामना करना पड़ रहा था। कई बार डीलर और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। नारायण पाण्डेय के हस्तक्षेप के बाद अब उम्मीद जगी है कि सभी कार्डधारियों को उनका बकाया राशन जल्द मिलेगा।"
मौके पर झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष इम्तियाज अंसारी, युवा मोर्चा नेता तस्लीम अंसारी, जितेन्द्र मंडल सहित बड़ी संख्या में राशन कार्डधारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो और नियमित रूप से सभी लाभुकों को समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए।