दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

जिले की लाधना और बेवा पंचायत में शनिवार को ग्रामसभाओं के जरिए ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल रंग लाई। लाधना पंचायत कार्यालय में आधार कार्ड से मोबाइल नंबर लिंक कराने का विशेष शिविर लगा, जबकि बेवा पंचायत के माझीहार गांव में ग्रामसभा में पंचायत स्तर पर नियमित शिविर लगाने की मांग उठी। लाधना में ग्राम प्रधान हेमंत किस्कू और मुखिया पार्बती सोरेन की मौजूदगी में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आधार-मोबाइल लिंकिंग कराई। ओंकार सेवा संस्थान की टीम ने इसमें अहम भूमिका निभाई। संस्थान के संतोष पाल, गौरव सिंह, सोनाली बाउरी, शांति किस्कू और सुचिंद्र भगत ने दस्तावेज जांच और मार्गदर्शन कर ग्रामीणों को बिना परेशानी सेवा दिलाई। वहीं माझीहार गांव के गांधी चबूतरा पर ग्राम प्रधान सोनू हेम्ब्रम की अध्यक्षता में हुई ग्रामसभा में राशन कार्ड में नाम जोड़ने, आधार लिंकिंग और पंचायत में नियमित शिविर की मांग प्रमुख रही। ओंकार सेवा संस्थान के अनिल मुर्मू, सुचंद्र भगत, मिलन राणा और स्वपन रॉय ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देकर अधिकारों के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि नियमित शिविरों से पात्र लोगों को सरकारी लाभ समय पर मिलेगा।