मसलिया प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचल सभागार में मंगलवार को अंचलाधिकारी रंजन कुमार की अध्यक्षता में एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के 37 नवनियुक्त चौकीदारों ने भाग लिया, जहाँ उन्हें उनके कर्तव्यों और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के गुर सिखाए गए।प्रशिक्षण के मुख्य वक्ता आयुष चिकित्सक डॉ. विकास कुमार रहे। उन्होंने नवनियुक्त चौकीदारों को सड़क दुर्घटना और आगजनी जैसी विषम परिस्थितियों में घायल व्यक्तियों को दी जाने वाली प्राथमिक चिकित्सा की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. कुमार ने व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से बताया कि अस्पताल ले जाने से पूर्व घायल की जान बचाने के लिए किन बातों का ध्यान रखना आवश्यक है।अंचलाधिकारी रंजन कुमार ने बताया कि यह सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 9 फरवरी से शुरू होकर 15 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान चौकीदारों को प्रशासनिक कार्यों और कानून व्यवस्था बनाए रखने के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया जा रहा है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात इन सभी चौकीदारों को संबंधित क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, जिससे ग्रामीण स्तर पर सूचना तंत्र और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।
Raftaar Media | सच के साथ