रफ्तार मीडिया संवाददाता /पवन गुप्ता
खलारी: खलारी थाना क्षेत्र के सुभाष नगर स्थित भुइयां टोली से तीन बच्चे रविवार शाम से अचानक लापता हो गए हैं, जिससे पूरे इलाके में चिंता का माहौल है.
लापता बच्चों की पहचान शिवा कुमार (10 वर्ष, पिता- अशर्फी भुइयां), मेघा कुमारी (6 वर्ष, पिता- सुनील भुइयां) और मंगल उरांव उर्फ टकलू (9 वर्ष, पिता- महेश उरांव) के रूप में हुई है.सभी बच्चे रविवार शाम करीब पांच बजे सुभाष नगर स्थित शिव मंदिर परिसर में खेल रहे थे, जिसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है.
परिजनों के अनुसार, बच्चे सुभाष नगर टीएच कॉलोनी के समीप भुइयां टोली के निवासी दिहाड़ी मजदूरों के बच्चे हैं जो शाम को मंदिर के पास खेल रहे थे. खोजबीन के दौरान सूचना मिली कि तीनों बच्चों को खलारी रेलवे स्टेशन के बुकिंग काउंटर के पास खेलते देखा गया था, जिसके बाद आरपीएफ और स्थानीय लोगों ने स्टेशन परिसर व आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली.मामले की सूचना मिलते ही खलारी थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रामकुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस सक्रिय हो गई है और विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश के साथ-साथ हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है. इसके अलावा रामगढ़, लातेहार, पलामू और गढ़वा में भी अलग-अलग टीमें बच्चों की खोजबीन में जुटी हैं.थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा ने कहा है कि बच्चों की सकुशल बरामदगी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी इन बच्चों के संबंध में कोई जानकारी मिले, तो वे तत्काल खलारी थाना या उनके परिजनों को सूचना दें, ताकि बच्चों को जल्द से जल्द सकुशल उनके घर पहुंचाया जा सके.