logo

जयराम ठाकुर बोले - आरडीजी बंद होने के मामले को लेकर केंद्र के खिलाफ कोर्ट जाने की तैयारी में है मुख्यमंत्री सुक्खू


मण्डी।  पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री सुक्खू आरडीजी बंद होने के मामले को लेकर केंद्र के खिलाफ कोर्ट जाने की तैयारी में हैं और इसी कानूनी मशवरे के लिए उन्होंने दिल्ली में पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदम्बरम से विशेष मुलाकात की है। ठाकुर ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के हितों की रक्षा करना जायज है, लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा केंद्र सरकार को कोसना और टकराव का रास्ता अपनाना प्रदेश के भविष्य के लिए घातक सिद्ध होगा। उन्होंने अपने कार्यकाल का उदाहरण देते हुए कहा कि जब उनके समय में आरडीजी रुकी थी, तब उन्होंने केंद्र के समक्ष शालीनता और मजबूती से पक्ष रखकर उसे बहाल कराया था, जबकि वर्तमान सरकार केवल दोषारोपण की राजनीति कर रही है। नेता प्रतिपक्ष ने कटाक्ष किया कि मुख्यमंत्री को न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न ही जेपी नड्डा से मिलने का समय मिला, यहाँ तक कि उनकी  ही पार्टी के प्रमुख नेता राहुल और प्रियंका गांधी ने भी उन्हें तवज्जो नहीं दी, जिससे उनकी दिल्ली यात्रा केवल एक विफल कवायद बनकर रह गई है। उन्होंने राज्य सरकार पर आगामी विधानसभा सत्र को लेकर विधायकों को गुमराह करने और आरडीजी के बहाने अपनी चुनावी गारंटियों से पल्ला झाड़ने का गंभीर आरोप लगाया।

जयराम ठाकुर ने मंडी में मीडिया से बात करते हुए प्रदेश की चरमराती कानून व्यवस्था चिंता जताते हुए रोष व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी के विधानसभा क्षेत्र में एक मिड-डे मील कर्मचारी महिला की नृशंस हत्या, शिमला पुलिस सहायता कक्ष के बाहर पिछले वर्ष हुए मर्डर, नालागढ़ में पुलिस थाने के बाहर हुए आतंकी बम धमाके और चंबा में युवक की लाश बोरी में डालकर नाले में फेंकने जैसी हत्या मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि देवभूमि के इतिहास में आज तक ऐसी आतंकी घटनाएं और बेखौफ अपराध कभी नहीं देखे गए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि गृह विभाग स्वयं उनके पास होने के बावजूद अपराधी बेलगाम हैं और सरकार केवल मूकदर्शक बनी हुई है, जिसका जवाब उन्हें सदन के भीतर देना होगा।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS