सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र स्थित रेलवे कॉलोनी के खजूर बागान में मंगलवार (14 जुलाई 2026) को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक नव-निर्माणाधीन शौचालय की टंकी से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ।स्थानीय लोगों की सूचना पर सीनी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को टंकी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।सीनी ओपी पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है।