शिकारीपाड़ा (दुमका): रफ्तार मीडिया।ललित कुमार पाल।
ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को परिवहन विभाग की सुविधाओं का लाभ आसानी से पहुंचाने के उद्देश्य से शिकारीपाड़ा प्रखंड परिसर में आयोजित विशेष दो दिवसीय शिविर का मंगलवार को दूसरा और अंतिम दिन था। इस शिविर में मुख्य रूप से दुमका जिला परिवहन पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, शिकारीपाड़ा प्रखंड विकास पदाधिकारी मो एजाज आलम और अंचलाधिकारी कपिल देव ठाकुर सहित परिवहन कार्यालय व प्रखंड के अन्य कर्मी मुस्तैद रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित इस शिविर को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं में भारी उत्साह देखा गया, जिससे पहले दिन की तरह ही दूसरे दिन भी आवेदन करने वालों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ पड़ी।
शिविर के दौरान उन लोगों को बड़ी राहत मिली जो नया ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के इच्छुक थे। यहाँ पहुंचे आवेदकों ने जैसे ही आवश्यक दस्तावेजों के साथ नए लाइसेंस के लिए अप्लाई किया, उन्हें नियमानुसार ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के बाद मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस निर्गत कर दिया गया। जिससे लोगों को काफी सहूलियत हुई और बिना किसी अतिरिक्त भाग-दौड़ के उनका काम आसान हो गया। विभाग द्वारा शिविर में सूचना बोर्ड लगाकर लोगों को जागरूक भी किया गया कि वे इस लर्निंग लाइसेंस के 30 दिन पूरे होने के बाद स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आगे की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। प्रखंड स्तर पर ही दो दिनों तक मिली इस विशेष सुविधा से ग्रामीणों के समय और पैसे दोनों की भारी बचत हुई है।
डीटीओ ने बताया कि जिस प्रकार से शिविर में लोगों की आसानी से लर्निंग बनी उसी प्रकार से कार्यालय में भी बनेगा, किसी को समस्या नहीं होगा जिसका छूट गया है वो आसानी से दुमका आकर बनवा लें।