बगहा / मोहम्मद इम्तियाज
बगहा। पश्चिम चंपारण जिले के हरनाटांड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने नवजात एवं पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। अभियान की शुरुआत के साथ ही अभिभावकों से अपने सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाने की अपील की गई।
इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो की दो बूंद पिलाना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और स्वास्थ्य विभाग के अभियान में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. के. बी. एन. सिंह ने बताया कि अभियान के तहत क्षेत्र के सभी बूथों एवं घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इससे वंचित न रहे।
इस मौके पर डॉ. राजेंद्र काजी, प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. रणबीर सिंह, डॉ. अरशद कमाल, स्वास्थ्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी चिकित्सक, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।