सरायकेला: झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति ने सरायकेला-खरसावाँ जिले का दौरा कर विभिन्न विभागों में लंबित अनुकंपा नियुक्ति मामलों की समीक्षा की। जिला आगमन पर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक तथा उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा ने समिति के सभापति रामचंद्र सिंह एवं अन्य सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।इसके बाद परिसदन सभागार में समिति के सभापति रामचंद्र सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, परियोजना निदेशक आईटीडीए उषा मुंडू, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में विभिन्न विभागों में अनुकंपा के आधार पर प्राप्त नियुक्ति आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई।समिति ने लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र एवं अहर्ताधारी आश्रितों के मामलों का नियमानुसार परीक्षण कर अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।समिति ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य दिवंगत सरकारी कर्मियों के आश्रित परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करना है। इसलिए किसी भी पात्र लाभुक को अनावश्यक विलंब का सामना नहीं करना पड़े। बैठक में विभागवार लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।