बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़

शहीद निर्मल महतो इंटर कॉलेज दुमदुमी (नीमडीह) में मंगलवार को जेआईएस फाउंडेशन चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज के तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान सह विदाई समारोह (सत्र 2024-26) एवं नवागंतुक छात्र-छात्राओं (सत्र 2026-28) के स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक सविता महतो शामिल हुईं। समारोह में वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विधायक सविता महतो ने प्रशस्ति पत्र, मेडल, प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। वहीं सत्र 2026-28 के 11वीं कक्षा में नामांकित नए छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए उनका परिचय कराया गया। अपने संबोधन में विधायक सविता महतो ने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत नींव है और निरंतर प्रयास से विद्यार्थी अपने जीवन में उच्च मुकाम हासिल कर सकते हैं। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में कॉलेज के शासी निकाय के सचिव हरिपद महतो, पूर्व प्राचार्य निर्मल चंद्र महतो, पूर्व प्रभारी प्राचार्य संजीत कुमार महतो, प्रभारी प्राचार्य बलिराम कुमार, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो समेत  शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।