मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जे०पी० गंगापथ और कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल परियोजनाओं का किया निरीक्षण निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राजधानी पटना में जे०पी० गंगापथ पर चल रहे सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने गंगापथ पर लैंडस्केपिंग पौधारोपण और अन्य सौंदर्यीकरण गतिविधियों की समीक्षा की तथा इसे उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधारोपण से यह क्षेत्र न केवल हरा-भरा और सुंदर दिखेगा बल्कि पर्यावरण के दृष्टिकोण से भी यह आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंगापथ को न केवल एक आधुनिक सड़क परियोजना के रूप में बल्कि एक आकर्षक सार्वजनिक स्थान के रूप में विकसित किया जाए जिससे नागरिकों को सौंदर्य और सुविधा दोनों का लाभ मिल सके।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने गायघाट स्थित गंगापथ के डाउन रैंप निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस रैंप के बन जाने से वर्तमान यू-टर्न व्यवस्था समाप्त हो जाएगी और वाहन चालकों को सीधा एवं सुरक्षित संपर्क मार्ग उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि रैंप का निर्माण कार्य तेजी से पूरा कर जनता के लिए सुविधा सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी सेतु और उसके समानांतर प्रस्तावित नए फोरलेन पुल को जे०पी० गंगापथ से जोड़ने की योजना पर भी चर्चा की और अभियंताओं को इस विषय में गहन अध्ययन कर कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है जो क्षेत्रीय विकास और सुगम यातायात की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने अधिकारियों को शेष कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कर पुल को निर्धारित समय पर चालू करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल के बन जाने से न केवल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा बल्कि पटना शहर में ट्रैफिक की समस्या में भी काफी हद तक राहत मिलेगी। बाहर से आने-जाने वाले लोग पटना शहर में प्रवेश किए बिना ही गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। साथ ही पटना के पूर्वी इलाकों के लोगों को भी बेहतर यातायात सुविधा का लाभ मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनके प्रधान सचिव दीपक कुमार विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप पुदुकल कट्टी मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं अभियंता मौजूद थे।

Raftaar Media | सच के साथ