शिव कुमार/सहरसा।
जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने सोमवार को गूगल मीट के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में सहयोग शिविर से प्राप्त परिवादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन तथा एग्री स्टैक परियोजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में मंगलवार को प्रखंडवार चिन्हित 31 स्थलों पर आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहयोग शिविर में प्राप्त परिवादों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एग्री स्टैक परियोजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी प्रखंडों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने किसानों का अधिक से अधिक पंजीकरण कराने, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा तय समय-सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया।
बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में आने वाले नागरिकों के लिए पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, अपर समाहर्ता निशांत, नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।