नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर परियोजना निदेशक आईटीडीए एवं जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने मिहिजाम क्षेत्र के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
जामताड़ा : दिनबंधु राउत: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर सोमवार को परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज ने जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि एवं अन्य अधिकारियों के साथ मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत आमबागान, पोखरतल्ला एवं कालीतल्ला स्थित मतदान केंद्रों का जायजा लिया गया।परियोजना निदेशक ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्वाचन से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों में किए गए दीवार लेखन का भी अवलोकन किया गया।अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम एवं आवश्यक सूचनाएं स्पष्ट एवं पठनीय रूप में अंकित करने का निर्देश दिया गया।परियोजना निदेशक ने कहा कि जिन मतदान केंद्रों में किसी प्रकार की कमी पाई गई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दुरुस्त किया जाए, ताकि मतदान के दिन किसी भी प्रकार की असुविधा या विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए सभी दायित्वों का समयबद्ध एवं निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद मिहिजाम गोपेश कुंभकार, सिटी मैनेजर, बीएलओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Raftaar Media | सच के साथ