दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।राज्य में बढ़ती ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बुधवार को जामताड़ा जिला ड्रगिस्ट एंड केमिस्ट एसोसिएशन के बैनर तले जिलेभर के दवा दुकानदारों ने एक दिवसीय हड़ताल की।हड़ताल के दौरान जिले की अधिकांश मेडिकल दुकानें बंद रहीं, जिससे बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला मुख्यालय सहित प्रत्येक प्रखंड में एक-एक मेडिकल दुकान को इमरजेंसी सेवा के लिए खुला रखा गया।एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री के कारण स्थानीय छोटे दवा दुकानदारों का व्यवसाय लगातार प्रभावित हो रहा है।संगठन के सदस्य नवीन कुमार ने कहा कि बड़े ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भारी छूट देकर ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं, जिससे पारंपरिक दवा दुकानों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने केंद्र सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। वहीं एसोसिएशन के सदस्य गोपाल डालमिया ने कहा कि दवा कोई सामान्य वस्तु नहीं, बल्कि एक संवेदनशील उत्पाद है, जिसकी बिक्री निर्धारित नियमों और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से बिना उचित निगरानी के दवाओं की बिक्री से मरीजों के स्वास्थ्य पर भी खतरा बढ़ सकता है।हड़ताल के दौरान दवा दुकानदारों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि छोटे व्यवसायियों के हितों की रक्षा और दवा बिक्री व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। मौके पर प्रवीण डोकानिया, गौर मंडल, सुनील सिंह, मनोज मंडल, गोपाल डालमिया, संजय नारनोलिया, सुनील पोद्दार, मनोज बर्नवाल, सरोज सेन, कमल नारनोलिया, रोहित लुहारका सहित अन्य उपस्थित थे।