काजल मित्रा/आसनसोल:ईस्टर्न रेलवे के आसनसोल डिवीजन के कुल्टी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर मंगलवार रात बड़ा हादसा टल गया। कोयले से लदी एक मालगाड़ी के चार डिब्बों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें और घना धुआं चारों ओर फैल गया। स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले एक डिब्बे से धुआं निकलता देखा गया। फिर आग तेजी से फैली और एक के बाद एक चार डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों और दमकल विभाग को खबर दी गई। आसनसोल से दमकल की एक गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों की लंबी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। एहतियातन स्टेशन से सटे इलाके में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए। आग के कारण कुछ देर के लिए रेल ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ और कुछ ट्रेनों को रोका गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि रेलवे को भारी नुकसान की आशंका है। आग लगने का कारण अभी साफ नहीं है। रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और फायर डिपार्टमेंट ने जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर दमकल नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था। एक फायर अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही आग बुझाने का काम शुरू किया गया। रेलवे अधिकारी के अनुसार कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।