जितेंद्र कुमार दास/तोपचांची : थाना क्षेत्र स्थित गोमो रोड में बुधवार को एक गिट्टी लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मारते हुए पेड़ से जा टकराया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार बिजली मिस्त्री बैजनाथ कर्मकार सड़क किनारे अपनी बाइक खड़ी कर ट्रांसफॉर्मर में बिजली का काम कर रहे थे। इसी दौरान गोमो रोड से गुजर रहा गिट्टी लदा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे उतरकर खड़ी बाइक को रगड़ते हुए पेड़ से टकरा गया।
हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। बैजनाथ कर्मकार ने बताया कि यदि वह बाइक के सामने खड़े रहते तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने आशंका जताई कि ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही तोपचांची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर चालक, ट्रैक्टर तथा बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।