logo

मुख्यमंत्री तीर्थ बस यात्रा योजना के तहत विधायक कुलवंत सिंह द्वारा दिखाई गई यात्रियों की बस को हरी झंडी

 

 

विधायक मोहाली स. कुलवंत सिंह द्वारा आज मुख्यमंत्री तीर्थ बस यात्रा योजना के तहत मोहाली के फेज-11 स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा से तीर्थ यात्रा बस को हरी झंडी देकर रवाना किया गया ,  इस बस में 40 श्रद्धालुओं का जत्था अमृतसर के लिए रवाना हुआ ।
इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह ने बताया कि गुरुओं और पीरों की धरती पंजाब के लोगों को धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा यह विशेष पहल की गई है । उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत श्रद्धालु श्री दरबार साहिब, दुर्गियाना मंदिर और भगवान वाल्मीकि मंदिर सहित जलियांवाला बाग और वाहगा बॉर्डर के दर्शन कर पुनः मोहाली लौटेंगे और इसके बाद यह बस अन्य यात्रियों को लेकर दोबारा अमृतसर के लिए रवाना होगी ।
  कुलवंत सिंह ने कहा  कि भगवंत मान सरकार लोगों द्वारा चुनी गई और लोगों को समर्पित सरकार है, जो विकासमुखी कार्यों को लगातार चरणबद्ध तरीके से पूरा कर रही है । उन्होंने बताया कि इस यात्रा के दौरान आवश्यक सभी प्रबंध पंजाब सरकार द्वारा किए गए हैं ताकि श्रद्धालु आरामदायक ढंग से तीर्थ यात्रा कर सकें। विधायक ने आगे बताया कि यात्रा के लिए 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के श्रद्धालु पंजीकरण करवा सकते हैं । एक परिवार से एक सदस्य या पति-पत्नी दोनों इस यात्रा के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं और यात्रियों की संख्या 40 से अधिक होने पर चयन ड्रॉ के माध्यम से गांव, मोहल्ला और पोलिंग बूथ के आधार पर किया जाएगा ।
    उन्होंने बताया कि तीन दिन और दो रातों की इस धार्मिक यात्रा के दौरान आने-जाने के लिए मुफ्त एसी बसें, रहने के लिए एसी कमरे, तीन समय का भोजन, चाय और स्नैक्स की सुविधा प्रदान की जाएगी । प्रत्येक बस में सहायक और चिकित्सीय टीम भी मौजूद रहेगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता दी जा सके । विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत  मान के नेतृत्व में यह वरिष्ठ नागरिकों के लिए सराहनीय पहल है, जिससे बुजुर्गों में खुशी की लहर है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लोगों से किए गए वादों को एक-एक कर लागू किया जा रहा है और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है । इस मौके पर मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा के हल्का कोऑर्डिनेटर फूलराज सिंह, ब्लॉक प्रधान तरनजीत सिंह, रणजीत सिंह ढिल्लों, हरपाल सिंह, गज्जन सिंह, स्वर्ण लता, सोनिया, उपिंदर कौर, हरविंदर कौर, कैप्टन करनैल सिंह, बस गाइड सुखप्रीत सिंह, मैडम सविता, सुखचैन सिंह, गुरमीत सिंह, रणजीत सिंह, अमरजीत सिंह, जगदीश सिंह, हरजीत सिंह, विक्रम सिंह संधू सहित अन्य उपस्थित थे ।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS