खलारी प्रखंड में मनरेगा कार्यों में अनियमितता का आरोप, लपरा पंचायत में जेसीबी से डोभा निर्माण का मामला ।
खलारी / पवन गुप्ता :खलारी प्रखंड के लपरा पंचायत में मनरेगा योजना के तहत कराए गए डोभा निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि डोभा का निर्माण मजदूरों से कराने के बजाय जेसीबी मशीन से कराया गया, जो मनरेगा के नियमों का खुला उल्लंघन है।ग्रामीणों ने यह भी दावा किया है कि उक्त डोभा का निर्माण फॉरेस्ट (वन) विभाग की जमीन पर किया गया है, जो न केवल नियम विरुद्ध है बल्कि सरकारी भूमि पर अवैध हस्तक्षेप की श्रेणी में भी आता है। मनरेगा योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराना है, लेकिन मशीनों के उपयोग से मजदूरों को काम से वंचित किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आ सकती है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रखंड में मनरेगा योजनाओं की जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।इस संबंध में प्रखंड प्रशासन या संबंधित अधिकारियों का पक्ष अभी तक सामने नहीं आया है। हालांकि, मामला तूल पकड़ता जा रहा है और ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है।अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होती है या नहीं।
Raftaar Media | सच के साथ