फर्रुखाबाद: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रृंगी ऋषि की तपोस्थली श्रंगीरामपुर में लगने वाले मेले की तैयारियों का बुधवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या तथा उन्हें होने वाली समस्याओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाहर के राज्यों व जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने नाव, नाविक एवं गोताखोरों के नाम व मोबाइल नंबर की सूची तैयार कर सभी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मेला क्षेत्र में ड्रोन कैमरों से निगरानी, खोया-पाया केंद्र की स्थापना, पीए सिस्टम लगाने तथा पेयजल हेतु पानी के टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को निर्देश दिये| मोबाइल शौचालय स्थापित करने, घाट तक जाने वाले मार्ग को दुरुस्त कराने, घाटों पर बैरिकेडिंग एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए एकल मार्ग (वन-वे) व्यवस्था लागू किए जाने की जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर रजनीकांत पांडेय, खंड विकास अधिकारी तथा प्रभारी निरीक्षक कमालगंज अवध नारायण पांडेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Raftaar Media | सच के साथ